फर्रुखाबाद। नवाबगंज सीएचसी में मरीजों को बाहर की दवा लिखने के मामले में सीएमओ ने फार्मासिस्ट से स्पष्टीकरण तलब कर लिया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
एसीएमओ डॉ. दलवीर सिंह ने पांच सितंबर को नवाबगंज सीएचसी का निरीक्षण किया तो फार्मासिस्ट मरीजों को बाहर की दवा लिखते मिले थे। भर्ती मरीजों के परिजनों ने भी फार्मासिस्ट की शिकायत की थी। एसीएमओ ने दवा स्टोर देखा तो स्टॉक में पैरासिटामोल के 350 इंजेक्शन भी कम मिले थे। उन्होंने सीएमओ को निरीक्षण आख्या सौंपी। सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार ने सीएचसी के फार्मासिस्ट राजीव कुमार को पत्र जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। इसमें कहा कि सीएचसी प्रभारी ने उन्हें बताया कि फार्मासिस्ट मरीजों को पर्चे पर बाहर की दवाइयां लिख रहा है। मरीजों ने भी इस संबंध में शिकायत की। सीएमओ ने बताया कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर फार्मासिस्ट के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।