कलेक्ट्रेट में एडीएम को ज्ञापन देते अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार के पदाधिकारी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। अंतरराष्ट्रीय न्यायिक मानवाधिकार के पदाधिकारियों ने बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर भ्रष्टाचार, गंगा स्वच्छता व गंगा एक्सप्रेस-वे का मुद्दा उठाया। उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित 17 सूत्री ज्ञापन एडीएम को सौंपा। अंतरराष्ट्रीय न्यायिक मानवाधिकार के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज सिंह, महिला प्रदेश अध्यक्ष वंदना पाठक, राममनोहर श्रीवास्तव, सतीश बाथम आदि सुबह कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने एडीएम विवेक श्रीवास्तव को 17 सूत्री ज्ञापन सौंपा। इसमें पुरुष आयोग गठन करने, फर्रुखाबाद से गंगा एक्सप्रेस-वे निकालने की स्वीकृति देने, पांचाल घाट पर दाह संस्कार को मशीनें स्थापित करने, गंगा स्वच्छता को सभी नाले बघार नाले से जोड़ने, पुलिस द्वारा वसूली व उत्पीड़न बंद करने, खाद्य पदार्थों को कर मुक्त करने आदि मांगें की गई हैं। श्यामबाबू, मुकेश चौरसिया, संतोष बाबू वर्मा, तीसराम, आशाराम आदि मौजूद रहे।
रामनगरिया में पीपों का पुल बनाने की मांग
फर्रुखाबाद। मेला रामनगरिया आयोजन समिति के सदस्य सुरेंद्र सिंह सोमवंशी ने जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र दिया। इसमें कहा कि 12 नवंबर को हुई बैठक में पुरानी घटिया पर पीपों का पुल बनाने का निर्णय लिया गया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अटैना घाट पर पक्का पुल बनने से 30 पीपे तीन वर्ष से बेकार पड़े हैं। उन्हीं पीपों से पुल का निर्माण कराया जा सकता है। इससे मेले में जाम की समस्या से निजात मिल सकती है।
एक जनवरी से सत्याग्रह की चेतावनी
फर्रुखाबाद। शराब बंदी संयुक्त मोर्चा की ओर से बुधवार को मुख्यमंत्री को संबोधित 11 सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में दिया गया। इसमें शराब बिक्री बंद करने, जिले में आलू आधारित कारखाना लगाने, गंगा में गिरने वाले नालों पर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने, कंपिल कताई मिल चालू करने, पार्कों का सुंदरीकरण करने आदि मांग की गई। मांगों पर सुनवाई न होने पर एक जनवरी से सत्याग्रह करने की चेतावनी दी गई। सुलक्षण सिंह, सुल्तान सिंह, श्रद्धा पांडेय, बबली राजपूत, हरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।