चोरी के बाद रोती पिंकी को संभालती महिलाएं। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। जिला अस्पताल में तैनात नर्स पिंकी राठौर के घर से रविवार को दिनदहाड़े चोरों ने 10 लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए। खास बात यह है कि चोरों ने घर का ताला खोलकर वारदात को अंजाम दिया और फिर ताला लगाकर चले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में स्थित आवास विकास कालोनी निवासी सुरेश तिवारी के मकान के ऊपरी तल में अजय राठौर परिवार के साथ किराए पर रहते हैं। अजय नोएडा में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी पिंकी राठौर लोहिया अस्पताल में नर्स है। वह बेटे उचित व युग के साथ यहां रहती हैं। पिंकी ने बताया कि रविवार की दोपहर दो बजे ड्यूटी करने चली गईं। उनके बच्चे घर में ताला लगाकर पढ़ने गए थे। शाम को छह बजे मकान में रह रहे दूसरे किराएदार ने उन्हें घर में चोरी होने की सूचना दी। वह घर पहुंची तो कमरे का ताला बंद था। पिंकी ने ताला खोला तो कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी खोलकर 10 जेवरात चोरी कर जा चुके थे।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला मौके पर पहुंचे और छानबीन की। फोरेंसिक टीम ने मौके से अंगुलियों ने निशान के नमूने जुटाए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जिस मकान में नर्स रहती है, वहां कई और किरायेदार रहते हैं। सभी को फिलहाल शहर के बाहर न जाने की हिदायत दी गई है। मौके से मिले अंगुलियों के निशान से वहां रहने वालों की अंगुलियों के निशान से मिलान कराया जाएगा। जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया है, उससे किसी करीबी का हाथ होना प्रतीत हो रहा है।