लिंजीगंज सिविल अस्पताल में टीका लगवाने के बाद खुशी जतातीं बच्चियां। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। कोरोना संक्रमण से बच्चों को सुरक्षित करने के लिए बुधवार को जिले में 12 से 14 वर्ष के बच्चों का टीकाकरण शुरू किया गया। जिलाधिकारी ने सिविल अस्पताल लिंजीगंज में टीकाकरण शिविर का शुभारंभ किया।
पहले दिन 20 बच्चों को कोविड का टीका लगाया गया। अब 28 दिन बाद बच्चों को दूसरा टीका लगाया जाएगा। कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रहने के लिए टीकाकरण ही एकमात्र उपाय है।
अभी तक 15 वर्ष से अधिक आयु के किशोरों के अलावा युवाओं व वृद्धों को टीका लगाया जा रहा है। बुधवार से जिले में 12 से 14 वर्ष के बच्चों का भी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया।
मोहल्ला खतराना निवासी अतुल अग्निहोत्री के 13 वर्षीय बेटे विनायक ने हौसले के साथ पहला टीका लगवाया। इसके बाद अन्य बच्चे भी टीकाकरण के लिए आगे आए।
टीका लगवाने के बाद सानिया गुप्ता, तमन्ना, साधना व स्वाती ने खुशी जताई। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने कहा कि जिले में जगह-जगह बूथ लगाकर व स्कूलों में बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। डीएम ने शिक्षा अधिकारियों से बात कर बच्चों की सूची बनाने के निर्देश दिएं।
सीएमओ डॉ. सतीश चंद्रा ने कहा कि जनपद में 79 हजार 857 बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य शासन से मिला है। 43 हजार डोज वैक्सीन आ चुकी है। पहले दिन 20 बच्चों को टीका लगाया गया। इस मौके पर डॉ.ऋषिनाथ गुप्ता, डॉ.नवनीत गुप्ता, विजय शंकर तिवारी आदि मौजूद रहे।