कंपिल। ग्राम समाज व पट्टों की 150 बीघा भूमि पर दबंगई से बोई गई सरसों की फसल को जब्त कर संबंधित प्रधानों के सुपुर्द किया गया है। तहसीलदार ने कब्जेदारों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
कायमगंज तहसील के गोरक्षा समिति के अध्यक्ष दानवीर सिंह ने एसडीएम को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया था कि पहाड़पुर व सिकंदरपुर तिहैया में कुछ लोगों ने दबंगई से ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा कर रखा है। उन्होंने उसे मुक्त कराकर गोशाला के लिए भूमि की मांग की थी।
मंगलवार को तहसीलदार कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में कानूनगो नरेश पाठक, लेखपाल रोहित अवस्थी पुलिस बल के साथ गांव पहाड़पुर व सिकंदरपुर तिहैया पहुंचे। टीम ने गांव पहाड़पुर की भूमि की व सिकंदरपुर तिहैया की भूमि की जांच की।
टीम को पता लगा कि सिकंदरपुर तिहैया में कब्जे की जमीन में 150 से अधिक लोगों के पट्टे की भूमि भी शामिल है। 150 बीघा भूमि पर करीब दो दर्जन अवैध कब्जेदारों को चिह्नित किया गया।
कब्जे की भूमि की कीमत करीब डेढ़ करोड़ की बताई जा रही है। तहसीलदार ने इस भूमि पर खड़ी सरसों की फसल संबंधित ग्राम प्रधानों की सुपुर्दगी में दी। कानूनगो को भूमि की नापजोख कर कार्रवाई के निर्देश दिए।