घटनास्थल पर मौजूद पुलिस व परिजन। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
राजेपुर। बाल कटवाने जा रहे बालक की कार की टक्कर से मौत हो गई। घटना के बाद चालक कार लेकर भाग गया। बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के गांव अंबरपुुर निवासी ईशपाल का छह वर्षीय पुत्र अनुराग उर्फ नन्हें घर से एक किलोमीटर दूर गांव के सामने सड़क पर बाल कटवाने जा रहा था। वह सड़क पार कर रहा था, तभी राजेपुर की ओर से आ रही कार ने अनुराग को टक्कर मार दी। बालक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक कार तेजी से भगाने लगा। आसपास के ग्रामीणों ने कार का बाइकों से पीछा किया, लेकिन कार को नहीं पकड़ सके। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को सड़क से उठाकर किनारे पर रखवाया। जानकारी मिलने पर मां रिचा और पिता ईशपाल परिजनों के साथ मौके पर आए।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अनुराग तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। सीओ अजेय कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।