कमालगंज। कोरोना वायरस की आशंका वाले मरीजों के चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सीएचसी पर पर्याप्त इंतजाम न होने के संबंध में अमर उजाला में समाचार प्रकाशित होने के बाद बुधवार को आइसोलेशन वार्ड स्थापित कर दिया गया। वार्ड में 8 बेड डाले गए हैं। चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों के लिए पूरा शरीर ढकने वाले एप्रिन व एन-95 मास्क भी आ गए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज में कोरोना वायरस की आशंका वाले मरीजों के परीक्षण के लिए जरूरी सामान भी न होने पर अमर उजाला ने बुधवार के अंक में आइसोलेशन वार्ड तो दूर सैनिटाइजर भी नहीं शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया। इसके बाद बुधवार को सीएचसी के एक कर्मचारी को मुख्यालय बुलाकर सामान दिया गया। जो सामान आया है उसमें 3 लेयर वाले 250 मास्क, 10 मास्क एन-95, चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों के पूरे शरीर को ढकने वाले 5 एप्रिन, अस्पताल में फर्श आदि पर पोछा लगाने में उपयोग के लिए 5 लीटर हाइपोसॉल्यूशन आदि शामिल हैं। अस्पताल में आठ बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। डॉ. मानसिंह वर्मा का कहना है कि इमरजेंसी में एक चिकित्सक, एक फार्मासिस्ट व एक कक्ष सेवक हर समय उपलब्ध रहेगा।