फर्रुखाबाद। चपरासी की नौकरी लगवाने के नाम पर सीडीपीओ पर 3.60 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगा है। सुनवाई नहीं होने पर पीड़ित ने कोर्ट में अर्जी दायर की है।
जनपद हरदोई थाना बेहटा गोकुल गांव नगला खानपुर निवासी शेर सिंह ने सीजेएम कोर्ट में एक ब्लाॅक में तैनात सीडीपीओ के खिलाफ अर्जी दायर की है। इसमें बताया कि वर्ष 2019 में यह अधिकारी जनपद हरदोई के एक ब्लाॅक में सीडीपीओ के पद पर तैनात थे। एक दोस्त ने परिचय करवाया। सीडीपीओ ने विकास भवन में चपरासी की नौकरी लगवाने का भरोसा देकर चार लाख रुपये की मांग की। दो लाख रुपये सीडीपीओ को दे दिए। इसके बाद 1.60 लाख रुपये रिश्तेदारी में उधार लेकर दिए। बाकी 40 हजार रुपये नौकरी लगने के बाद देने की बात तय हो गई।
नौ मार्च 2019 को बार्ड बॉय की नौकरी का नियुक्त पत्र दिया। बताया कि तब तक यहां नौकरी करो। विकास भवन में चपरासी का पद रिक्त होते ही नौकरी लगवा दी जाएगी। विभाग में नियुक्त पत्र लेकर गया तो पता चला कि यह फर्जी है। उसी दौरान सीडीपीओ का फर्रुखाबाद स्थानांतरण हो गया। कई बार 3.60 लाख रुपये सीडीपीओ से मांगे। वह हर बार की तरह टालमटोल करते रहे। आठ जनवरी को रुपये मांगने गए तो सीडीपीओ भड़क गए। गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में कोतवाली व एसपी को प्रार्थना पत्र देने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई। कोर्ट ने इस मामले में पुलिस से आख्या मांगी है।