फर्रुखाबाद। बजरिया चौकी के पास संदिग्ध हालात में पड़े अधेड़ की मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। अधेड़ की भाभी ने कहा कि पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया है। उनके पुत्र की दिनदहाड़े हत्या के बाद घर में हमला कर पुत्रवधू को घायल करने की घटना का देवर ने ही मुकदमा दर्ज कराया था।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के मोहल्ला रकाबगंज निवासी रतन सिंह गिहार (45) गुरुवार देर शाम बजरिया चौकी के पास बेहोशी हालत में पड़े मिले। पत्नी मंजू ने उन्हें लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। कुछ ही देर में पहुंची रतन की भाभी शारदा ने बताया कि देवर की पुरानी रंजिश में हत्या की गई है। रतन के कोई संतान न होने पर उनके पुत्र शिवा को गोद लिया था। शिवा की 27 सितंबर 2021 की शाम पौने पांच बजे सरेआम गोलीबारी कर हत्या कर दी गई थी।
आरोपियों ने शिवा की हत्या करने के बाद घर में घुसकर गोलीबारी कर दी थी। इस घटना में शिवा की पत्नी तन्नू और बड़ी बहन रश्मि गोली लगने से घायल हुई थीं। गोलीबारी की घटना का मुकदमा रतन गिहार ने ही परिवार के ही 11 लोगों के खिलाफ कराया था। इसी के चलते आरोपी रंजिश मान रहे थे। कोतवाल जेपी शर्मा ने बताया कि यह युवक दोपहर से शराब ठेके के पास पड़ा था। लोग शराब के नशे में होने की आशंका जता रहे थे। मगर शाम को जब नहीं उठा, तो देखने पर उसे अस्पताल भिजवाया गया। प्रथम दृश्यता हत्या का मामला नहीं लग रही है।