कायमगंज (फर्रुखाबाद )। सोमवार रात भूसा तिराहे के पास शराब ठेकेदार की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर हुई दो लाख की लूट में ठेकेदार ने तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला लोकमन निवासी शराब ठेकेदार श्याम कुमार गुप्ता उर्फ बंटी अपने मुनीम अरविंद के साथ सभी शराब की दुकानों से बिक्री के रुपये लेकर सेंट्रल बैंक के सामने वाली दुकान पर रुपये लेने पहुंचे। वहां से जब वह रुपये लेकर निकले तो रेलवे रोड स्थित भूसा तिराहे पर दो बाइकों पर सवार तीन बदमाशों ने बंटी व अरविंद की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया।
इसके बाद बदमाश थैला लेकर पटवन गली की ओर भाग गए। बंटी गुप्ता ने दो लाख रुपये लूट ले जाने के आरोप में तीन बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी। इसमें उन्होंने कहा कि बदमाशों के सामने आने पर उन्हें पहचान लेंगे। इस पर पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसपी के सामने घटना स्थल ही भूल गए ठेकेदार
दो लाख रुपये की लूट की सूचना पर एसपी अशोक कुमार मीणा ने रात में ही घटना स्थल का जायजा लिया। शराब ठेकेदार व उनके मुनीम से अलग-अलग जानकारी ली। पहले तो ठेकेदार घटना स्थल ही भूल गए। उन्होंने घटना स्थल गल्ला मंडी चौराहा बता दिया जबकि वारदात भूसा मंडी तिराहा पर हुई थी। इससे पुलिस मामले को संदेह की नजर से जांच कर रही है।
फुटेज में दिखे बाइक के नंबर की तलाश
लूट की वारदात के बाद पुलिस ने घटना स्थल के आसपास के फुटेज खंगाले हैं। पुलिस के मुताबिक उन्हें एक ही सीरीज के पांच बाइकों के नंबर मिले हैं। उन्हें ट्रेस किया जा रहा है। दिवाली पर चारों ओर चहल पहल थी। लोगों का सड़क पर आना जाना है। ऐसे में बदमाशों को चिह्नित करने में समय लगेगा। इंस्पेक्टर संजय मिश्रा ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए कोतवाली पुलिस के साथ एसओजी भी लगी है। हर पहलू का ध्यान रखते हुए जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा होगा।