फर्रुखाबाद। भोजपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी नागेंद्र सिंह राठौर सहित 11 लोगों के खिलाफ आचार संहिता और कोविड के नियमों के उल्लंघन करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
भोजपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी नागेंद्र सिंह राठौर 10 समर्थकों के साथ शनिवार को एनआईसी गेट से एक किलोमीटर पूर्व की ओर एकत्र हुए। आरोप है कि इन लोगों ने चुनाव आचार संहिता और कोविड के नियमों का उल्लंघन किया।
जानकारी पर सिविल लाइन चौकी इंचार्ज आनंद शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच करने के बाद शनिवार की रात भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर और उनके 10 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ आचार संहिता व कोविड के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि आचार संहिता के उल्लंघन में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।