फर्रुखाबाद। शहर में बिजली उपकेंद्रों की ओवरलोडिंग खत्म करने के लिए क्षमतावृद्धि का काम शुरू कर दिया गया है। तीन उपकेंद्रों पर पांच-पांच एमवीए के अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। क्षमतावृद्धि पर करीब तीन करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
घरों में बढ़ते बिजली उपकरणों के चलते बिजली की खपत भी बढ़ती जा रही है। इससे सिस्टम ओवरलोड हो रहा है। शहर में ओवलोडिंग की समस्या से निजात के लिए उपकेंद्रों की क्षमतावृद्धि कराने का काम शुरू कर दिया है। तीन उपकेंद्रों की पांच-पांच एमवीए क्षमता बढ़ाई जा रही है।
प्रत्येक उपकेंद्र पर क्षमतावृद्धि में करीक एक-एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। क्षमतावृद्धि होने से शहर का ठंडीसड़क व लकूला उपकेंद्र 20 से 25 एमवीए क्षमता का हो जाएगा। वहीं जसमई बिजली उपकेंद्र की क्षमता 10 एमवीए से बढ़कर 15 एमवीए हो जाएगी। इसके लिए उपकेंद्रों पर काम शुरू कर दिया गया है। लकूला उपकेंद्र पर पांच एमवीए का नया ट्रांसफार्मर रखने के लिए प्लिंथ तैयार हो गई है। अन्य उपकेंद्रों पर भी काम चल रहा है।
इसी माह पूरा हो जाएगा काम : अधीक्षण अभियंता अजय कुमार ने बताया कि बिजनेस प्लान के तहत उपकेंद्रों की क्षमतावृद्धि कराई जा रही है।
सेकेंड्री वर्क्स कानपुर क्षमतावृद्धि करा रहा है। इसी माह क्षमतावृद्धि का काम पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।