फर्रुखाबाद। मदनपुर चौकी के पास शुक्रवार सुबह रोडवेज बस से हुए हादसे में घायल दो साल के बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया अस्पताल से सैफई रेफर कर दिया गया। हादसे में उसके माता-पिता व बहन की मौत हो गई थी। परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है।
जनपद मैनपुरी के थाना कुर्रा गांव मकियानी निवासी बलराम, पत्नी वंदना, पुत्री मोहिनी, पुत्र कार्तिक (2) के साथ बाइक से शुक्रवार को घर जा रहे थे। मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र की मदनपुर चौकी के पास सुबह साढ़े आठ बजे फाउंड्री डिपो (आगरा) की बस ने बाइक में टक्कर मार दी थी। इससे बलराम, वंदना व मोहनी की मौत हो गई थी। कार्तिक को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया था।
वहां हालत बिगड़ने पर उसको लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया था। शुुक्रवार देर रात कार्तिक की हालत में सुधार नहीं हुआ। उसकी स्थिति खराब देखकर डॉक्टर ने उसे सैफई रेफर कर दिया। जानकारी पर बलराम के परिजन भी सैफई पहुंच गए। शनिवार को परिजनों की ओर से हादसे को लेकर तहरीर नहीं दी गई।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। रोडवेज बस सात वर्ष पहले पंजीकृत हुई थी। उसका फिटनेस प्रमाण पत्र अभी मान्य है।