फर्रुखाबाद। सब कुछ ठीक रहा, तो जनपद फर्रुखाबाद व कन्नौज में बीएसएनएल की संचार व्यवस्था सुधर जाएगी। भारत दूर संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) कुछ ही महीनों में 4जी के 39 टॉवर लगाने जा रहा है।
इसका अंतिम प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही उपभोक्ताओं को सस्ता और अच्छा नेटवर्क मिलने की उम्मीद है। फिलहाल दोनों जनपदों के जिला मुख्यालय में ही बीएसएनएल की 4जी सेवा है।
इंटरनेट की क्रांति पर निजी कंपनियों का कब्जा है। कई दशकों से सरकारी कंपनी बीएसएनएल सुविधाओं के
अभाव में दम तोड़ रही है। निजी कंपनियों ने कुछ महीने पहले 25 प्रतिशत तक अपने रेट बढ़ाए, तो बीएसएनएल के दिन बहुरने लगे। उपभोक्ता सस्ता नेटवर्क होने के चलते कनेक्शन लेने में जुट गए। हालांकि सबसे बड़ी दिक्कत है कि सरकारी कंपनी सिर्फ जिला मुख्यालय पर ही 4जी नेटवर्क दे पा रही है। अब फर्रुखाबाद और
कन्नौज जिले की सभी नगर पालिका, नगर पंचायतों और बड़े गांवों में 39 स्थानों पर 4जी टॉवर लगाने का अंतिम प्रस्ताव बनाकर केंद्र सरकार को भेज दिया गया है। सरकार शीघ्र ही 4जी स्पेक्ट्रम नीलाम करने वाली है। इसमें बीएसएनएल को मिलते ही काम शुरू होने की पूरी उम्मीद है।
नगर पालिका कायमगंज, नगर पंचायत कंपिल, कमालगंज, मोहम्मदाबाद, नवाबगंज, शमसाबाद के अलावा अमृतपुर, राजेपुर, संकिसा, राजेंद्रनगर, अचरा खिलवारा, रजीपुर, बरझाला समेत 22 स्थान चिह्नित हैं। इसी तरह कन्नौज की सभी नगर पालिका, नगर पंचायतों के अलावा बड़े गांवों के 17 स्थान प्रस्ताव में शामिल किए गए हैं।
फिलहाल जिला मुख्यालय पर 4जी सेवा की कॉल बात करते वक्त बीच में ही कट जाती है। इसके पीछे टॉवरों पर लगी बैटरियों का कंडम होना बताया जा रहा है। जिला मुख्यालय के आसपास मोहल्लों में नेटवर्क की दिक्कत भी इसी वजह से होती है।
‘फर्रुखाबाद और कन्नौज में 4जी के 39 टॉवर लगाने का अंतिम प्रस्ताव फरवरी की शुरुआत में ही जा चुका है। कुछ ही महीने में स्पेक्ट्रम मिल जाएगा। इसके बाद बीएसएनएल अपने दोनों जिलों के उपभोक्ताओं को अच्छी सेवा देगा। जिला मुख्यालय पर भी व्यवस्था दुरुस्त होने नेटवर्क बेहतर हो जाएगा।’
-अनूप बाजपेई, डीजीएम, फर्रुखाबाद व कन्नौज बीएसएनएल।