Broker caught in OPD, refunded money and left
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल की ओपीडी में पर्चा बनवाने को अधिक रुपये लेने वाले दलाल को दबोच लिया गया। सीएमएस ने रुपये वापस कराकर आरोपी को हिदायत देकर छोड़ दिया। इससे व्यवस्थाओं पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। पर्चा काउंटर पर कई बार धक्का-मुक्की हुई।
लोहिया अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों सेना में भर्ती होने आए युवाओं की कोविड जांच कराने को भीड़ उमड़ रही है। पहले पर्चा बनवाने को युवा परेशान होते हैं। पर्चा काउंटर पर भीड़ के चलते कई बार धक्का-मुक्की और होहल्ला हो गया।
इससे अव्यवस्था हावी रही। इसी दौरान एक युवा से पर्चा बनवाने के नाम पर 50 रुपये वसूलने का मामला सामने आया। अस्पताल के ही एक कर्मचारी ने रुपये लेने वाले अधेड़ को दबोच लिया।
कर्मचारी उसे लेकर सीएमएस के पास गए। सीएमएस ने अधेड़ से रुपये वापस करवाकर हिदायत देकर छोड़ दिया। सीएमएस डॉ. एसपी सिंह ने बताया, युवाओं के पास एक रुपये खुला नहीं होता है। वह काउंटर पर बड़ा नोट दे देते हैं।
कर्मचारी खुले लाने को कहता है, तो वह एक रुपये नहीं देते। बाहर आकर वही लोग अधिक रुपये वसूलने की बात करते हैं। काउंटर पर कोई भी एक रुपये से अधिक नहीं ले सकता। बाहरी व्यक्ति ने ज्यादा रुपये लिए थे। उससे वापस करवाकर हिदायत देकर अस्पताल के बाहर भेज दिया था।