फर्रुखाबाद। छावनी परिषद फतेहगढ़ की ओर से गणतंत्र दिवस से पूर्व रविवार को मैराथन में उम्र की सीमा टूट गई। दौड़ में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों में देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला। वंदेमातरम और भारत माता के जयकारों से माहौल गुंजायमान हो गया।
छावनी परिषद की ओर से रविवार को तीन वर्गों में मैराथन हुई। सुबह छह बजे से ही प्रतिभागी सिखलाई रेजीमेंट सेंटर के बैरियर पर जमा होने लगे थे। पहले वर्ग की दौड़ के लिए 5 से 16 वर्ष के बच्चों को चुना गया। सेंटर कमांडेंट ब्रिगेडियर कबिंद्र सिंह ने गुब्बारे छोड़ और झंडी दिखाकर दौड़ शुरू कराई। इस आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए दौड़ की दूरी 2.5 किलोमीटर रखी गई। मैराथन सिखलाई बैरियर से शुरू होकर मिलेट्री अस्पताल चौराहा, कैंट कार्यालय, एमईएस तिराहा होते हुए जाट रेजीमेंट के मंदिर पर समाप्त हुई।
वहीं, दूसरे वर्ग में 17 से 50 वर्ष के प्रतिभागियों ने पांच कि लोमीटर की दूरी तय की। टोपी लगाकर दौड़ रहे बुजुर्ग सभी के आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं, बुजुर्ग महिलाएं भी हिस्सा लेने में पीछे नहीं रहीं। पहले वर्ग की दौड़ में गौरव कुमार प्रथम, सचिन द्वितीय और अभिषेक राज तृतीय रहे। वहीं दूसरे वर्ग की दौड़ में नूतन जायसवाल प्रथम, राहुल पाल द्वितीय और प्रमोद कुमार तृतीय रहे। बुजुर्गों की दौड़ में बाजी शिवपाल सिंह के हाथ रही। उन्हें प्रथम स्थान मिला। मनोज कुमार को द्वितीय तथा सभासद वीरपाल को तृतीय स्थान मिला।
मिलेट्री अस्पताल के पास स्थित अशोक वाटिका में सेंटर कमांडेंट ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। दूसरी ओर एनसीसी 12 यूपी ब्वायज बटालियन में भी मैराथन हुई। इस मौके पर कैंट बोर्ड की सीईओ विनीता देशपांडेय, सभासद शमा अनवर जमाल आदि मौजूद रहे।