फर्रुखाबाद। बिना लाइसेंस के ठंडी सड़क स्थित एक गोदाम में हड्डियां व खाल भरे होने की सूचना पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम प्रदर्शन किया। उन्होंने अन्य गोदामों को भी खाली कराने को लेकर धरना-प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
वहीं, प्रतिबंधित जानवरों के अंगों की तस्करी कराने में प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाया। मौके पर दो थानों की पुलिस, सीओ सिटी व सिटी मजिस्ट्रेट पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन दिया। मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए। गोदामों की जांच करवाने का आश्वासन दिया।
राष्ट्रीय बजरंग दल (गोरक्षा) जिलाध्यक्ष हिमांशु गुप्ता को सूचना मिली थी कि कुछ लोग कटरी धर्मपुर स्थित बंद गोशाला के पास शहर में मृत गोवंश को गाड़ने के स्थान से हड्डियां, सींग और खाल निकालकर तस्करी कर रहे हैं। यह भी पता चला कि बुधवार शाम दो युवकों तीन बोरियों में हड्डियां, खाल व अन्य अवशेष भरकर रेलवे स्टेशन के पास ठंडी सड़क स्थित एक गोदाम में बेच गए।
गोदाम में बड़ी मात्रा में गोवंशों की हड्डियां, खाल और अन्य अवशेष भरे हैं। इस पर हिंदू संगठनों के नेताओं ने पांच लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने गोदामों के पास पहुंचकर हंगामा किया। उन्होंने धरना-प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन पर मामले में मिलीभगत कर बिना लाइसेंस प्रतिबंधित जानवरों के अवशेषों की तस्करी कराने का आरोप लगाया।
मौके पर कोतवाली प्रभारी राजीव पांडेय, कादरीगेट इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह ने समझाने की कोशिश की। सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल पहुंचे। हिंदू परिषद के जिला मंत्री सनी गुप्ता ने सिटी मजिस्ट्रेट को तहरीर दी। इसमें गोवध करके हड्डियां, सींग व गर्दन की तस्करी कराने का आरोप लगाया। कुछ देर बाद सिटी मजिस्ट्रेट के आश्वासन पर मामला शांत हुआ।
उन्होंने ईओ और पुलिस को गोदामों की जांच कराने के आदेश दिए। इसी बीच एसपी संजय कुमार सिंह भी पहुंच गए। धरना प्रदर्शन में विनीता बाजपेई, साहिल मिश्रा, शुभम शर्मा, मोनू दुबे, सुमित गुप्ता थे। एएसपी संजय कुमार सिंह ने बताया कि पशु चिकित्सक, फाॅरेंसिक टीम को जांच सौंपी गई।
बताया कि रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई होगी। गोदाम संचालकों के पास मार्च 2026 तक का खाल रखने का लाइसेंस है। पूरे मामले की जांच चल रही है।