बोलेरो की टक्कर से खोया व्यापारी की मौत
राजेेपुर। गांव कुतलूपुर के सामने सोमवार शाम तेजी से आ रही बोलेरो के चालक ने बाइक सवार खोया व्यापारी को टक्कर मार दी थी। इसमें व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लोहिया भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उसे सैफई रेफर कर दिया गया। मंगलवार को इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के गांव बिरसिंहपुर निवासी रामलाल का 30 वर्षीय पुत्र प्रेमपाल खोया का व्यापार करता था। वह सोमवार को खोया बेचने फर्रुखाबाद शहर गया था। वहां से शाम को वापस जा रहा था। तभी गांव कुतलूपुर के सामने बिरसिंहपुर गांव की ओर से आ रही बोलेरो के चालक ने लापरवाही से चलाकर बाइक में टक्कर मार दी।
इससे प्रेमपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पहुंचे एसओ जयंती प्रसाद गंगवार ने एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल में भिजवाया। लोहिया अस्पताल में प्रेमपाल की हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने सैफई रेफर कर दिया। मंगलवार को इलाज के दौरान प्रेमपाल की सैफई में मौत हो गई। प्रेमपाल की मौत की सूचना पर पत्नी काजल रो रोकर बेहाल हो गई।
प्रेमपाल की चार वर्ष की पुत्री सृष्टि व दो वर्ष के पुत्र बादल है। एसओ जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि खोया व्यापारी की सैफई में इलाज के दौरान मौत हुई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।