फर्रुखाबाद। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि मोदी-योगी के चेहरों और राष्ट्रवाद पर भाजपा विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने युवाओं से एकजुट होकर योगी को जीत का आशीर्वाद देने की अपील की। प्रदेश अध्यक्ष भाजयुमो के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि चाय बेचने वाला जब प्रधानमंत्री बनता है तो कश्मीर की धरती से गरजता है कि न खाएंगे और न खाने देंगे, न सोएंगे न सोने देंगे। पाकिस्तान में घुसकर मारने वाला, सर्जिकल स्ट्राइक करने वाला नरेंद्र मोदी जैसा प्रधानमंत्री देश को पहली बार मिला है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भ्रष्टाचार समाप्त किया। प्रदेश में पांच लाख नियुक्तियां हुईं, एक रुपया भी नहीं लगा। कहा कि पहले सैफई खानदान सूची भेजता था। गुंडाराज था, छेड़छाड़ की जाती थी।
गुंडे को पुलिस पकड़ती थी तो लखनऊ से मियां जान का फोन आ जाता था। थाने से छोड़ना पड़ता था। पहले कांवड़ यात्रा, राम यात्रा, डीजे पर प्रतिबंध लगता था, अब मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से पुष्पवर्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि जन विश्वास यात्रा से पहले वह जनता का आशीर्वाद लेने आए हैं।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष प्रंशुदत्त द्विवेदी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बयान दिया कि बाबा को लैपटॉप चलाना नहीं आता। अखिलेश यादव अब अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी से पूछें कि बाबा को क्या-क्या चलाना आता है। बाबा एक इशारा करते हैं तो बिल्डिंग पर बुलडोजर चल जाता है।
दूसरी तरफ इशारा करते हैं तो गाड़ी पलट जाती है। अखिलेश अपनी पार्टी संभालें, बाबा क्या-क्या जानते हैं, इसकी चिंता मत करें। विधायक मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी, नागेंद्र सिंह राठौर, सुशील शाक्य, अमर सिंह खटीक, डॉ. अरुण पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, मिथलेश अग्रवाल, शिवम दुबे, संजय गर्ग, मयंक सिंह बुंदेला भी मौजूद रहे।
शहर के बढ़पुर में लगे जाम में फंसे वाहन। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD