मकान, जिस पर भाजपा के बड़े नेताओं के नाम लिख करता था अवैध कारोबार।
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड लगाकर अवैध शराब की तस्करी करने वाले सगे चार भाइयों को पुलिस ने 40 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से एक बोलेरो भी बरामद हुई है। पुलिस ने इन चारों को जेल भेज दिया है।
थाना नवाबगंज के गांव उम्मरपुर के रहने वाले दो लोग जहरीली शराब पीने से मर चुके थे। इनके परिजनों ने ओमवीर के यहां से शराब खरीदना बताया था। इस पर पुलिस ने इलाके में जांच अभियान चलाया। इस दौरान बुधवार को पुलिस ने वीरपुर ईंट भट्ठे के पास ओमवीर की बोलेरो को रोक कर जांच की।
बोलेरो में सवार श्यामवीर, राजेश, रामवीर पुत्रगण रामकुमार लोधी की तलाशी ली तो 40 लीटर अवैध शराब मिली। थानाध्यक्ष नवाबगंज नरेंद्र गौतम ने बताया कि पकड़े गए लोग पड़ोसी जिला एटा की तहसील अलीगंज के गांव टपुआ से अवैध शराब खरीदकर लाते थए और पूरे इलाके में 20 रुपया प्रति पाउच बेचते थे। थानाध्यक्ष के मुताबिक पकड़ा गया मुख्य आरोपी ओमवीर ने अपने मकान पर भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेताओं का नाम लिखा रखा है।
खुद को भाजपा नेता बताकर ओमवीर और उसके भाई श्यामवीर, रजनेश और रामवीर इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने इन्हें दफा 272 में चालान करके एसीजेएम न्यायालय में पेश किया। एसीजेएम ने 14 दिन की रिमांड पर इन सभी को जिला जेल में निरुद्घ रहने के आदेश दिए हैं। थानाध्यक्ष का कहना है कि इस जघन्य अपराध के एवज में इन सभी पर एनएसए तामील कराया जाएगा, जिसकी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
भारतीय जनता पार्टी का अपने आप को नेता बताने वाले अवैध कारोबारी ओमवीर के संबंध में जब भाजपा के जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि यह उनकी पार्टी का कोई पदाधिकारी नहीं है। कार्यकर्ता हो सकता है।