फर्रुखाबाद। आने वाले चुनावों में जिले की राजनीति का रथ गंगा एक्सप्रेसवे के पथ पर चलने की पूरी संभावना है। भाजपा जहां तकनीकी कारणों से जिले से एक्सप्रेस न मिलने की बात कह रही है वहीं सपा सरकार बनने पर जिले से एक्सप्रेसवे निकलवाने का दावा कर रही है। आप, कांग्र्रेस के अलावा अन्य संगठन भी एक्सप्रेसवे के मुद्दे पर प्रदर्शन कर चुके हैं।
प्रदेश सरकार के साढ़े चार वर्ष पूरे होने पर सांसद मुकेश राजपूत ने रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में पत्रकार वार्ता में उपलब्धियां गिनाईं। इसमें उन्होंने तकनीकी दिक्कतों के कारण फर्रुखाबाद जिले से गंगा एक्सप्रेसवे को नहीं निकाला जा सकता है। जिले को हाइवे के माध्यम से गंगा एक्सप्रेसवे से कनेक्ट कराने का प्रयास किया जाएगा।
सांसद ने कहा कि जिले के लिए गंगा एक्सप्रेसवे काफी महत्वपूर्ण था। इसके लिए मैंने और विधायकों ने पूरा प्रयास किया। किंतु तकनीकी सर्वे में मामला फंसने से एक्सप्रेसवे जिले से नहीं निकल सकेगा। नेशनल हाईवे के माध्यम से जिले को एक्सप्रसवे से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के चचेरे भाई सुधांशु दत्त द्विवेदी ने फेसबुक पर पोस्ट डाली थी कि समुद्र पर जब सड़क बन सकती है तो फर्रुखाबाद में गंगा एक्सप्रेसवे क्यों नहीं। इस पर सवाल करने पर विधायक ने कहा कि जिसने पोस्ट डाली है उसी से पूछो।
फर्रुखाबाद। सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एमएलसी डॉ.राजपाल कश्यप ने सपा की सरकार बनने पर गंगा एक्सप्रेसवे फर्रुखाबाद से निकालने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता ने योगी के नाम पर नहीं भाजपा को वोट नहीं दिया था, इसलिए योगी एक्सीडेंटल मुख्यमंत्री हैं। कोरोना काल में आक्सीजन की कमी और महंगाई पर भी उन्होंने भाजपा को घेरा।
फतेहगढ़ स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्टहाउस में पत्रकारों से चर्चा में डॉ.राजपाल ने कहा कि सपा की संकल्प यात्रा पिछड़ों को न्याय दिलाने के लिए निकाली जा रही है। भाजपा सरकार पिछड़े वर्ग के साथ अन्याय कर रही है, आरक्षण खत्म करने की साजिश की जा रही है, इसलिए यह यात्रा निकालनी पड़ी।
शिक्षक भर्ती में 20 हजार पदों का आरक्षण घोटाला किया गया है। किसी भी जिले में पिछड़ा वर्ग व अनुसूचित जाति का डीएम नहीं है। कोरोना महामारी में आक्सीजन की कमी से लोगों की जान गई, भाजपा ने कोई मदद नहीं की। पंचायत चुनाव में कई कर्मचारियों की कोरोना से मौत हुई, उनके परिजनों की भी मदद नहीं की गई। इसका पर्दाफाश करने के लिए सपा निकली है। भाजपा ने नौकरी व रोजगार छीनने का काम किया। लोगों को बोलने की आजादी नहीं है। सच्चाई बोलने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
सत्ता के नशे में चूर भाजपा को जनता सबक सिखाएगी। प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनेगी।
सपा में गुटबाजी के सवाल पर कहा कि गुटबाजी भाजपा सरकार में भी है। सपा विकास, महंगाई दूर करने, रोजगार के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी।
अरविंद कश्यप, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, मंदीप यादव, जितेंद्र यादव, शशांक सक्सेना,ओमवीर यादव, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव डॉ.सुभाष पाल आदि मौजूद रहे।
फर्रुखाबाद। भाजपा सरकार की उपब्धियां गिनाते समय सांसद ने किसानों के लिए सरकार के काम भी बनाए। इस पर बंद नलकूपों को चालू बताने का मामला उठाया गया।
सांसद ने कहा कि साढ़े चार वर्ष में 20 नए राजकीय नलकूप लगवाए गए और 39 रिबोर कराए गए हैं। नलकूपों की जांच कराकर झूठी रिपोर्ट देने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई कराई जाएगी।
सांसद ने बताया कि विधायकों ने जिले भर में 956 हैंडपंप लगवाए हैं। पिछली सरकारों में लोग वरासत दर्ज कराने के लिए भटकते रहते थे। भाजपा की सरकार में 11920 लोगों की वरासत अभियान चलाकर कराई गई। सांसद ने विकास की लहर-हर गांव हर शहर पुस्तक का विमोचन करने के साथ प्रचार रथ भी रवाना किया। वार्ता में विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, नागेंद्र सिंह राठौर, सुशील शाक्य, जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, एडीएम विवेक श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
ये भी काम हुए
सांसद ने बताया कि जिले में गोसंरक्षण के लिए 30 गोशाला, 1 लाख 77 हजार 821 निजी शौचालय, 581 सामुदायिक शौचालय, 16598 गरीबों को आवास बनवाने के साथ मनरेगा से 241.97 करोड़ से विकास कार्य कराए गए हैं।
नौकरियां भी मिलीं
सांसद ने कहा कि जिले में 1472 शिक्षकों और 594 पंचायत सहायकों की नियुक्ति की गई है। रसोइयों का मानदेय डेढ़ गुना किया गया, 268 परिषदीय स्कूलों में स्मार्ट क्लास संचालित हो रही हैं।