शमसाबाद। हजियांपुर विद्युत उपकेंद्र का 10 एमवीए ट्रांसफार्मर खराब हो गया। इससे गुरुवार को 90 गांवों की 11 घंटे बिजली गुल रही। उपकेंद्र पर लगे दूसरे पांच एमवीए ट्रांसफार्मर से शिफ्टवार फीडर चलाकर तीन से चार घंटे गांवों को बिजली दी जा रही है।
हजियांपुर विद्युत उपकेंद्र में 10 और पांच एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगे हैं। तीन फीडरों के माध्यम से 90 गांवों को बिजली दी जाती है। गुरुवार सुबह चार बजे 11 केवी लाइन में आए फाल्ट से 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर बंद हो गया। जेई अनिल कुमार गौतम ने एक्सईएन के निर्देश पर पांच एमवीए ट्रांसफार्मर से सभी फीडरों को शिफ्टवार चलाकर तीन से चार घंटे बिजली देनी शुरू की।
दिन में सुबह चार बजे से दिन में तीन बजे तक 11 घंटे 90 गांवों की बिजली गुल रही। 10 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर न आने तक 90 गांवों में बिजली संकट बना रहेगा। जेई अनिल कुमार गौतम ने बताया कि नए ट्रांसफार्मर के लिए मांगपत्र भेज दिया गया है।