फर्रुखाबाद। ट्रांसमिशन में स्थित विद्युत उपकेंद्र के फुंके 33 केवी ब्रेकर के स्थान पर लगाने को नया ब्रेकर आ गया है। उसे जल्द लगवाने का काम शुरू कराया जाएगा। शनिवार से विद्युत उपकेंद्र चालू होने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे शहरी क्षेत्र के मिलेट्री व कोल्ड फीडर की बिजली व्यवस्था सामान्य हो सकेगी।
ट्रांसमिशन में स्थित विद्युत उपकेंद्र के आठ एमबीए ट्रांसफार्मर, पैनल (मशीन) व 33 केवी ब्रेकर में फाल्ट आने से 13 जुलाई की रात आग लग गई थी। इस उपकेंद्र से मिलेट्री व कोल्ड स्टोर फीडर से शहर के करीब 15 मोहल्लों और शीतगृहों को बिजली दी जाती है। ट्रांसफार्मर व मशीन जलने से मिलेट्री फीडर को डिवीजन कार्यालय में बने उपकेंद्र और बेवर रोड पर बने भोलेपुर विद्युत उपकेंद्र से कोल्ड फीडर जोड़कर बिजली चालू की गई।
15 जुलाई को आठ एमबीए का नया ट्रांसफार्मर और पैनल आ गए थे। जिनको उपकेंद्र पर लगा दिया गया। 33 केवी ब्रेकर न आने से उपकेंद्र चालू नहीं हो सका। गुरुवार को नया 33केवी ब्रेकर आ गया है। इसको लगवाने का काम शुक्रवार को कराया जाएगा। एक्सईएन शहरी आरबी यादव ने बताया कि शनिवार से उपकेंद्र चालू किया जाएगा। इस पर मिलेट्री फीडर के आधे कनेक्शन और कोल्ड फीडर की लाइन जोड़कर बिजली दी जाएगी।