अमृतपुर। अधिकारियों से शिकायत के बाद भी ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा कर बोई गई गन्ने की फसल को भूमाफिया ने काट लिया है। ग्राम प्रधान ने दोबारा इसकी शिकायत अधिकारियों से की है। नियमानुसार इस फसल की नीलामी की जानी थी।
ग्राम पंचायत रामपुर जोगराजपुर की जमीन गांव कंचनपुर सबलपुर में है। यहां ग्राम पंचायत की दो हजार बीघा भूमि पर भूमाफिया का कब्जा है। इस पर उन्होंने गन्ने की फसल बो दी थी। इसकी शिकायत करीब दो माह पूर्व ग्राम प्रधान सुमन गुप्ता ने जिलाधिकारी से की थी। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बीच 11 फरवरी को भूमाफिया गन्ने की फसल काटने लगे। इस पर सुमन गुप्ता ने दोबारा एसडीएम से शिकायत की। इस पर एसडीएम ने थाना राजेपुर पुलिस को भेजकर गन्ना काटने पर रोक लगवा दी थी। साथ ही पुलिस ने वहां से एक ट्रैक्टर-ट्राली पर लदा गन्ना पकड़ लिया था, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने कोई तहरीर नहीं दी। इस पर पुलिस ने गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली छोड़ दी थी।
इसके बाद गन्ने की नीलामी के लिए 26 फरवरी की तारीख तय की गई थी। उस दिन कोई अधिकारी नीलामी के लिए तहसील नहीं पहुंचा। इससे नीलामी नहीं हो सकी थी। इस बीच भूमाफिया ने पूरी फसल काटकर बेच दी। इसकी शिकायत भी प्रशासनिक अधिकारियों से की गई, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। डीएम सुभाष चंद्र प्रजापति ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। जांच कराकर भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।