कायमगंज। लक्ष्मी यदुनंदन महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की देखरेख में शनिवार को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं ने विकसित, आत्मनिर्भर और डिजिटल भारत की परिकल्पना को रंगों से अभिव्यक्त किया।
प्रतियोगिता में भावना प्रथम स्थान पर रहीं। सेवा पखवाड़ा-2025 के तहत आयोजित कार्यक्रम के संयोजक नरेंद्र मिश्रा ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति, सृजनशीलता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रबल करते हैं।
निर्णायक मंडल में शामिल डॉ. विपिन कुमार सिंह ने बीए तृतीय सेमेस्टर की भावना दुबे को प्रथम, बीए पंचम सेमेस्टर की आयुषी गुप्ता को द्वितीय और बीए प्रथम सेमेस्टर की गायत्री और सपना ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्रदान किया। प्रतियोगिता में शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।