आईटीआई चौराहे के पास एटीएम का बंद शटर। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। शहर में एक बैंक के बाहर लगे एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया गया। सुबह जानकारी होने पर सीओ सिटी ने पहुंचकर छानबीन की। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक एटीएम को तोड़ने का प्रयास करते दिखा है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
शहर के आईटीआई चौराहे के पास एक्सिस बैंक की शाखा है। उसी के बाहर एक एटीएम लगा है। मशीन में कुछ तकनीकी खराबी होने की वजह से शटर गिरा दिया गया था। शनिवार सुबह करीब सवा पांच बजे एक बदमाश ने शटर उठाया। उसके बाद वह अंदर घुस गया। बदमाश ने मशीन के आगे के जिस हिस्से में रुपये भरे जाते हैं, उसे तोड़ने का प्रयास किया लेकिन तोड़ नहीं सका। इसके बाद वह एटीएम से निकल गया।
सुबह बैंक का गार्ड पहुंचा तो उसने मशीन को क्षतिग्रस्त देखा। उसने बैंक के अधिकारियों को सूचना दी। बैंक प्रबंधक आशीष शुक्ला पहुंचे। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। दोपहर में सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने और कोतवाल ने घटनास्थल देखा।
इसके बाद बैंक के अधिकारियों से जानकारी हासिल की। प्रबंधक ने पुलिस को तहरीर दे दी है। सीओ सिटी ने बताया कि बैंक शाखा के बाहर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक युवक एटीएम को तोड़ने का प्रयास करते दिखा है। उन्होंने उसकी तलाश में टीम लगा दी है।