कोतवाली क्षेत्र के गंाव अताईपुर जदीद निवासी राजेंद्र प्रसाद राजपूत के घर में घुसे चोरों ने नगदी जेवर सहित करीब 30 लाख का सामान चुरा लिया। सुबह परिवार के लोग जागे तो चोरी के बारे में जानकारी हुई। मकान मालिक की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अताईपुर जदीद निवासी राजेंद्र प्रसाद राजपूत गुरूवार रात खाना खाने के बाद गोदाम पर सोने चले गए। उनका छोटा पुत्र योगेश व पुत्री शशि छत पर बने कमरे में व मां वीरावती व घर पर आयी मामी गंगादेवी छत के कमरे के बाहर बरामदे में सो रही थीं।
वही उनका बड़ा पुत्र मुकेश उसकी पत्नी प्रीती व उसका पुत्र ध्रुव नीचे बने कमरे में सो रहे थे। चोर मकान के पीछे से छत पर पहुंचे और सीढ़ी से आंगन में उतर आए। वे मुकेश के कमरे में बाहर से कुंडी लगा दिए।
इसके बाद जिस घर में अलमारी व बाक्स रखे थे, उसका बिना ताला तोडे लोहे की राड की सहायता से एक दरवाजा खोल लिया और कमरे में रखी अलमारी को वहीं एक डिब्बे में रखी चाबी से खोलकर उसमें रखे लाखों के जेवर व नगदी को चुराकर घर के पीछे के गेट से निकल गए।
सुबह शशि उठ कर नीचे आई तो कमरे का एक दरवाजा खुला देखा। अंदर गई तो आलमारी खुली मिली और कुछ सामान बिखरा था। उसके चीखने पर परिवार के अन्य लोग भी उठ गए। मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
जिस तरह से चोरी हुई है, उसमें किसी जानकार के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। मकान मालिक के मुताबिक करीब 30 लाख की चोरी हुई है। इसमें करीब चार लाख नगद के अलावा बहुओं के सभी जेवर चोरी हो गए हैं।