फर्रुखाबाद। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा का पेपर दोपहर 12 बजे जैसे ही छूटा, उसके आधा घंटे में ही शहर के अधिकांश चौराहों-तिराहों पर जाम लग गया। रेलवे स्टेशन और देवरामपुर क्रॉसिंग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शहर के 22 केंद्रों पर दोपहर 12 और शाम पांच बजे परीक्षा छूटी तो बड़ी संख्या में लोग बस अड्डा, रेलवे स्टेशन और अपने वाहनों से घरों की ओर रवाना हुए। दोपहर सवा 12 बजे के करीब देवरामपुर तिराहे पर वाहनों का जाम इस कदर लगा कि रेलवे स्टेशन रोड पर उद्योग केंद्र तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यही हाल ढिलावल और आईटीआई की ओर जाने वाली सड़क का भी रहा। 12:45 बजे एक मालगाड़ी आने से करीब आधे घंटे तक फाटक बंद होने से वाहनों की कतारें लंबी हो गईं। यही हाल शाम के समय भी पेपर छूटने के समय रहा। रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ थाना परिसर से निकलने और घुसने वाले ई-रिक्शा की वजह से जाम के हालात बनते रहे। वाहन रेंगते रहे।
-
फोटो-47, रेलवे स्टेशन के एक नंबर प्लेटफार्म पर खाली पड़ा सहायता बूथ। संवाद
रेलवे स्टेशन का सहायता बूथ खाली
अभ्यर्थियों की सहायता के लिए रेलवे स्टेशन के एक नंबर प्लेटफार्म पर सहायता बूथ की स्थापना की गई थी। वहां पेपर छूटने के समय से दोपहर एक बजे तक कोई भी सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं मिला। लिहाजा दूरदराज से आने और जाने वाले परीक्षार्थियों को भटकना पड़ा।
बसें पड़ीं कम, देर रात तक भटके यात्री
बसों की भरपूर व्यवस्था करने का दावा करने वाले जिम्मेदार शाम के समय पेपर छूटने के बाद अभ्यर्थियों को पूरी बसें उपलब्ध नहीं करवा सके। लिहाजा देर रात तक अभ्यर्थी बस अड्डा पर भटकने को मजबूर हो गए। जो बस बाहर से आई, उसी को भरकर संबंधित जिलों के लिए रवाना किया गया।
दुकानदारों की खूब हुई आमदनी
बस अड्डा ही नहीं परीक्षा केंद्रों के आसपास भी पापड़ी, चाट, टिक्की, समोसा आदि की दुकानें लगी रहीं। अभ्यर्थियों के साथ उनके साथ आए परिवार के लोगों की दुकानों पर भीड़ लगी रही। इससे दुकानदारों की खासी कमाई हुई।