फर्रुखाबाद। एआरटीओ ने मकान मालिक पर सामान कब्जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने डाक से शहर कोतवाली में पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। परिवहन आयुक्त के कार्यालय से संबद्ध एआरटीओ सुधेश तिवारी ने शहर कोतवाली में डाक से पत्र भेजा है।
इसमें बताया कि छह जुलाई 2019 को उनकी फर्रुखाबाद एआरटीओ के पद पर तैनाती थी। वह आवास विकास कालोनी लोहियापुरम स्थित एक बीएसएनएल अधिकारी का आवास में किराए पर रह रहे थे। किराए का अग्रिम भुगतान पांच अगस्त को कर दिया गया था। सात सितंबर 2019 को उनका स्थानांतरण लखनऊ परिवहन मुख्यालय कर दिया गया।
आठ सितंबर को उन्होंने कार्यभार छोड़ दिया। स्थानांतरण के कारण किराए के मकान से सामान नहीं निकाल सके। मकान में घरेलू सामान के अलावा उनकी एक बाइक भी खड़ी है।
उन्होंने अपने नौकर बालकृष्ण को सामान लेने के लिए भेजा, लेकिन मकान मालिक ने सामान निकालने नहीं दिया। इसके बाद वह मार्च 2022 तक बीमारी का इलाज कराते रहे। एआरटीओ ने इस मामले में शहर कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।