फर्रुखाबाद। राज्य सड़क निधि से मोहम्मदाबाद संकिसा से पखना नवीगंज मार्ग के निर्माण की मंजूरी मिल गई है। 9.2 किलोमीटर की इस सड़क को बनाने में 15.31 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इसके लिए इस सड़क के चौड़ीकरण होने से लाेगों को जाम से निजात मिलेगी, वहीं जर्जर मार्ग पर यातायात के दौरान समय की भी बचत होगी।
शासन में सड़क निर्माण व चौड़ीकरण के लिए भेजा गया प्रस्ताव मंजूर कर लिया गया है। भोजपुर विधानसभा में पड़ने वाली सड़क चौड़ी होने से पांच ग्राम पंचायतों के लोगों को लाभ होगा। मोहम्मदाबाद संकिसा से पखना धीरपुर नवीगंज मार्ग को चौड़ा किया जाएगा। 20 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के आधे भाग में पहले ही चौड़ीकरण का कार्य हो चुका है। 9.2 किलोमीटर के इस मार्ग को चौड़ा करने के लिए 15.31 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है। इस सड़क पर कान्हेपुर, गढ़ी बनकटी, पखना आदि ग्राम पंचायत और उनके मजरे पड़ते हैं। इस सड़क से रोजाना तकरीबन 10 हजार लोगों का आवागमन भी रहता है। सड़क के चौड़ीकरण से किसानों के साथ ही राहगीरों को भी लाभ होगा।
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता मुरलीधर ने बताया कि मोहम्मदाबाद संकिसा से पखना धीरपुर मार्ग के चौड़ीकरण से स्थानीय लोगों को रोडवेज की सुविधा का भी लाभ मिलने की उम्मीद जग गई है। यहां पर फर्रुखाबाद से सहसापुर होते हुए नवीगंज के लिए बस चलाई जा रही है। दूसरे छोर पर सड़क खराब होने के चलते बस सेवा को शुरू नहीं किया गया। सड़क के चौड़ीकरण के बाद इस ओर भी बस सेवा को विस्तारित किया जा सकता है। राज्य सड़क निधि से भेजे गए प्रस्ताव के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। जल्द ही सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराने की प्रक्रिया शुरू होगी।