मोहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के नीबकरोरी गांव की रहने वाली महिला ने करीब एक माह पूर्व दुकानदारों पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया। रविवार को महिला ने परिवार के लोगों के साथ कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
महिला रजनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने परिवार के साथ कस्बे की दुकानों के बाहर सफाई का काम करती है। इसके बदले दुकानदारों से प्रतिदिन पांच रुपये मेहनताना मिलता है, जिससे परिवार का भरण-पोषण होता है। विगत 11 अप्रैल की शाम वह दुकानों पर मेहनताना लेने गई थी। इसी दौरान कुछ दबंग दुकानदारों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट की। बचाने आई पुत्री चनचना, पति राजेश, सास मुन्नी देवी, जेठ राजेंद्र और देवर विकास के साथ भी आरोपियों ने लात-घूंसों और डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जान बचाकर जब परिवार चौकी पहुंचा तो वहां भी दबंगों ने मारपीट की। एक माह पूर्व हुई घटना में आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। महिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।