गांव शिवरई वरियार में खड़ी आलू व सरसों की फसल। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद/कायमगंज। एक बार फिर से मंगलवार शाम मौसम ने पलटी मार दी। रात में कायमगंज क्षेत्र बेमौसम बरसात हो गई। इससे किसानों की चिंताएं बढ़ गईं। इस बारिश से खेतों में खड़ी तंबाकू, सरसों व आलू की फसल को नुकसान है। बादलों को देखकर और बारिश की आशंका जताई जा रही है। बारिश हुई तो तंबाकू व आलू सहित कई फसलों को खासा नुकसान उठाना पड़ेगा। बारिश के बाद चल रहीं ठंडी हवाओं से गलन भी बढ़ गई है। इससे जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले।
मंगलवार रात तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे कहीं-कहीं सरसों की फसल गिर भी गई है। एक माह में दो बार बारिश हो चुकी है। पिछले दिनों हुई बारिश से तंबाकू व आलू का किसान अभी उबर भी नहीं सका था, तब तक तीसरी बार रात को बारिश हो गई। इससे गेहूं की फसल को लाभ मिलेगा, लेकिन अन्य फसलों को नुकसान बताया जा रहा है। आलू सड़ सकता है और तंबाकू की किल्ली मुरझाने से उसकी बढ़वार प्रभावित होगी। बेमौसम बारिश से हवा में गलन हो गई है। इससे बुधवार को अधिकांश लोग घरों से नहीं निकले।
लोगों ने बच्चों के बाहर जाने पर पाबंदी रखी। शहर, कमालगंज, अमृतपुर व मोहम्मदाबाद क्षेत्र में बूंदाबांदी हुई। इससे आलू खुदाई पर ब्रेक लग गया। इससे मंडी में भाव में 50 रुपये प्रति क्विंटल का उछाल आ गया। इससे मंडी में आलू 1251 से 1325 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका।