फर्रुखाबाद। 29 जनवरी से आठ फरवरी तक जनपद में होने वाली अग्निवीर सेना भर्ती को लेकर जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर तीन माध्यमिक विद्यालयों का चयन अभ्यर्थियों के रुकने के लिए किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालय प्रशासन को आवासीय व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
अग्निवीर सेना भर्ती को लेकर म्युनिस्पल इंटर कॉलेज (एमआईसी), राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) और राष्ट्रीय जनता इंटर कॉलेज फतेहगढ़ को अधिग्रहित किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह ने तीनों विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र भेजकर कहा कि अग्निवीर भर्ती देखने आ रहे युवाओं के ठहरने के लिए विद्यालय में आवासीय व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं। कॉलेज में पीने योग्य पानी, शौचालय व शिक्षण कक्षों की साफ-सफाई आदि की व्यवस्था करवाएं। इस भर्ती में 11 जनपदों के युवा भाग लेने आएंगे।
प्रमाण पत्रों की जांच के लिए लगाए सात शिक्षक
फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह ने अग्निवीर भर्ती में आने वाले युवाओं के शैक्षिक अभिलेखों की जांच के लिए सात शिक्षकों की ड्यूटी लगाई है। शिक्षक सुनील कुमार पाल, देवेंद्र कुमार, राहुल यादव, विशेष कुमार, अतुल दास, दिलीप सिंह और केशव कुमार गंगवार की ड्यूटी लगाई गई है। (संवाद)