फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ के डीएन काॅलेज में शनिवार को घंटों इंतजार के बाद जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट को वाहन मिल सके। वाहन आवंटन के लिए एक ही काउंटर बनने से अव्यवस्था रही। चालकों की भीड़ में जमकर धक्कामुक्की भी हुई।
जिले में 13 मई को लोकसभा चुनाव का मतदान है। बूथों की व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों को पांच जोन व 132 सेक्टर में विभाजित कर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। रविवार को सातनपुर मंडी से पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। अधिग्रहीत छोटे वाहनों को डीएन काॅलेज परिसर में खड़े कराया गया। सुबह से ही आवंटन प्रक्रिया भी शुरू की गई।
कुछ सेक्टर मजिस्ट्रेट ने बताया कि वह सुबह 10 बजे काॅलेज परिसर में पहुंच गए थे। शाम को पौने चार बजे उन्हें वाहन मिल सका। पेयजल की व्यवस्था न होने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वाहन मिलने के बाद जोनल मजिस्ट्रेट व सेक्टर मजिस्ट्रेट पुलिस लाइन पहुंचे।