फर्रुखाबाद। एक गोदाम में गोवंशों की हड्डियां और खाल मिलने की आशंका पर दो दिन पहले हिंदू संगठन के नेताओं के धरना-प्रदर्शन किया था। मामले में पकड़े गए सात लोगों पर पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई की है।
हालांकि गोदाम संचालक पर लाइसेंस मिलने के बाद पुलिस का रुख लचीला है। पशु विभाग ने हड्डी और खाल के नमूने लेकर मथुरा लैब में जांच के लिए भेजे हैं।
शहर के ठंडी सड़क स्थित एक गोदाम में हिंदू संगठनों के नेताओं ने बुधवार शाम गोवंशों की हड्डियां और खाल होने की आशंका पर हंगामा किया था। नारेबाजी और धरना प्रदर्शन के बाद पहुंचे पुलिस अफसरों ने गोदाम पर काम करने वाले सात लोगों को हिरासत में ले लिया था। पुलिस अफसरों ने गोदाम मालिक मुन्ना हुसैन खां पर 2026 तक का खाल का लाइसेंस होने की बात कही थी।
इस मामले में अब पुलिस ने बृहस्पतिवार को मऊदरवाजा थाने के गांव कुइया बूट निवासी जहांगीर आलम (41), शमीम (35), लाल मियां (21), शाकिर (27), मोहल्ला तकिया नशरत शाह निवासी मोहम्मद शाहिद (38), राजीवगांधीनगर निवासी सर्वेश (35) और ठंडी सड़क निवासी आकाश (19) का शांतिभंग में चालान कर दिया।
बुधवार देर रात पुलिस अफसरों की मौजूदगी में बढ़पुर पशु चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार शर्मा हड्डी और खाल के नमूने लिए। उन्होंने बताया कि उन्हें जांच के लिए मथुरा स्थित लैब में भेजा गया है। उन्होंने बताया करीब एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट मिलेगी। रिपोर्ट आने पर पुलिस विभाग को उपलब्ध करवा दी जाएगी। (संवाद)