सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देते हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
हिंदू जागरण मंच ने जल बचाओ-जीवन बचाओ अभियान की शुरूआत जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट शिव बहादुर सिंह को सौंपकर की। उन्होंने कहा कि जल बर्बाद करने वालों को चिन्हित कर उन पर कार्रवाई की जाए।
गुरुवार को जिलाध्यक्ष राघवदत्त मिश्र के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट को दिए ज्ञापन में मांग की कि अधिक जल सोखने वाले यूकेलिप्टस के पेड़ों को जिले में लगवाने पर रोक लगाई जाए। खुले पड़े नलों में टोटियां लगवाने के लिए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को आदेशित करें।
मोहल्ला खड़ियाई में बिजली पोल लगाने के दौरान पाइप लाइन फटने से रोजाना हजारों लीटर पानी बह जाता है। सूचना के बावजूद पाइप लाइन ठीक नहीं करवाई गई। इस संबंध में संबंधित अधिकारी से कहकर पाइप लाइन ठीक करवाई जाए। जल बर्बाद करने वालों को चिन्हित कर उन पर कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन देने वालों में जिला प्रवक्ता किशन शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुदेश राजपूत, जयवीर सिंह, संतोष पांडेय, राजू गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष राहुल भाटिया और जिला मंत्री विशाल कुमार मौजूद रहे।