फर्रुखाबाद। कासगंज जिले के भट्ठा मालिक से लूटपाट करने के एक आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। उसके पास से तमंचा और लूटे गए 20500 रुपये बरामद किए गए हैं। बदमाश ने दो साथियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं।
कासगंज जिले के भरगैन निवासी वसीम का गुजरात में ईट भट्ठा है। 30 सितंबर को वह बाइक से कंपिल थाना क्षेत्र के एक गांव में भट्ठा मजदूरों को रुपये देने के लिए जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर मारपीट कर वसीम से डेढ़ लाख रुपये लूट लिए थे।
पुलिस ने भट्ठा मालिक की तहरीर पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। लूट के आरोप में पुलिस ने एटा जिले के रिजोर थाना क्षेत्र के गांव सहना कला निवासी फैजान खान को पकड़ा है। पूछताछ में उसने दो साथियों के साथ लूट की वारदात कबूल की है। पुलिस ने उसके पास से लुट में प्रयुक्त तमंचा और 20500 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपी को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। एसओ राजेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि फैजान ने दो साथियों के नाम बताए हैं, उनकी तलाश की जा रही है।