फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में बिजली की लाइन के ऊपर रखे पेड़ों की डाल काटते समय युवक को दूसरी ओर गुजर रही हाईटेंशन लाइन से करंट लग गया। साथी उसे इमरजेंसी ले गए। यहां डॉक्टर मृत घोषित कर दिया। गुस्साए परिजनों ने ठेकेदार के चालक को पीटकर लहूलुहान कर दिया। उसका इलाज कराया गया।
फतेहगढ़ कोतवाली के नगला नैन निवासी मनोज कुशवाहा (22) शुक्रवार सुबह लोहिया अस्पताल के जनरेटर रूम के सामने बिजली के तार पर रखे पेड़ों की डाली काट रहे थे। अस्पताल के अंदर की बिजली लाइन का शटडाउन ले लिया गया था।
पेड़ की डाल दीवार के दूसरी तरफ निकल रही हाईटेंशन लाइन से छू रही थी। जैसे ही मनोज ने डाल काटी, तो वह हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर गया।
पास खड़े मनोज के गांव निवासी ठेकेदार के चालक देवपाल (37) उसे इमरजेंसी लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मनोज के परिजन ने देवपाल पर घर से लाकर जबरन मरवा देने का आरोप लगाया। कुछ देर बाद देवपाल पर हमला बोलकर लहूलुहान कर दिया। देवपाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी।