शहर कोतवाली के किराना बाजार में नासिर खां की 100 साल पुरानी दुकान की खुदाई के दौरान करीब डेढ़ सौ साल पुराने सिक्के मिले हैं। खुदाई के दौरान गैती मारते ही चांदी के सिक्के बिखर गए। इससे सिक्के की लूट मच गई। बाद में पुलिस ने मजदूरों के घर तलाशी लेकर 16 सिक्के बरामद किए। दुकान को सीज कर दिया गया है।
मोहल्ला चीनीग्रान के रहने वाले नासिर खां की किराना बाजार में दुकान है। इस दुकान को इंडिया नंबर वन बैंक ने एटीएम लगाने के लिए पांच हजार रुपये किराये पर लिया है। दुकान की फर्श नीचा कराने के लिए शनिवार को खुदाई कराई जा रही थी। बताया जाता है कि करीब दो फीट मिट्टी हटाने के बाद अचानक गैती किसी मटकी से टकराई।
गैती के वार से मटकी फट गई और सिक्के खनकते हुए बिखर गए। चांदी के सिक्के मिलने की सूचना मोहल्ले में फैल गई। इस दौरान सिक्के लूटने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। जिसे जो मिला जेब में दबा लिया। मजदूर भी सिक्के लेकर घर चले गए। करीब 11 बजे शहर कोतवाल देवेंद्र शर्मा ने मकान मालिक नासिर तथा उनके चचेरे भाई महताब आलम को कोतवाली बुलाया।
इसके बाद खुदाई में लगे मजदूरों को हिरासत में लिया गया। मजदूरों के पास मिले 16 सिक्के बरामद किए। ये सिक्के 1865 के बने हैं और इन पर रानी बिक्टोरिया की तस्वीर उकेरी गई है। तहसीलदार आरपी चौधरी ने कोतवाली में पहुंच कर सिक्के को खजाने में जमा कराया। नासिर तथा महताब खां से पूछताछ जारी है। तहसीलदार की मौजूदगी में दुकान में सीज कर दिया गया है।