मोहम्मदाबाद। ज्येष्ठ माह के प्रथम बड़े मंगल के अवसर पर नीब करोरी धाम में मंगलवार को आस्था का बड़ा जनसैलाब उमड़ा। तड़के चार बजे आरती और हवन-पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए।
सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। दिन चढ़ने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या हजारों में पहुंच गई। भक्तों ने लंबी कतारों में खड़े होकर बाबा के दर्शन किए और प्रसाद चढ़ाया। भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे, लेकिन अपेक्षित पुलिस बल की कमी के चलते व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
-
भीड़ में चोरों की सक्रियता, चार को पकड़ा
मंदिर में अधिक भीड़ का लाभ उठाकर चोर भी सक्रिय हो गए। मोहम्मदाबाद निवासी विजय कुमार, फिरोजाबाद निवासी सुनील कुमार व बेवर निवासी विनोद कुमार के मोबाइल चोरी हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो महिलाओं व दो पुरुषों को हिरासत में लिया है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पूछताछ जारी है और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त फोर्स की मांग की गई थी, लेकिन वह समय से नहीं पहुंच सका।