नवाबगंज। दहेज में 50 हजार न देने पर बहू को जहर देकर मार डाला गया। हत्या के बाद ससुरालीजन फरार हो गए। मायके वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जिला औरैया थाना विधूना क्षेत्र के गांव रामपुर खास के रहने वाले अशर्फीलाल ने करीब तीन साल पहले बेटी मनीषा की शादी थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव बछलैया के रहने वाले संदीप कुमार के साथ की थी। पिता के मुताबिक शादी के बाद ससुरालीजन दहेज में 50 हजार रुपये की मांग करने लगे। इसको लेकर आए दिन मनीषा को प्रताड़ित किया जाने लगा। पिता ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को ससुरालीजनों ने मनीषा को जहर देकर मार डाला। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी मोबाइल पर उसे दी। जब वह बेटी की ससुराल पहुंचे तो ससुरालीजन फरार थे। अशर्फीलाल ने थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। अशर्फीलाल ने पति संदीप कुमार, देवर आदेश कुमार, ससुर रमेशचंद्र और सास के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने सभी के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अशर्फीलाल ने बताया कि ससुरालीजन दहेज को लेकर अक्सर बेटी को प्रताड़ित करते थे। इसी के चलते उन्होंने बेटी की हत्या कर दी।