फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डा. मुथुकुमार स्वामी बी के गांव निरीक्षण में अफसरों की कारगुजारी सामने आई। विधवा वृद्धावस्था, विकलांग पेंशन चयन सूची में मृतकों के नाम मिले। विद्यालय में बच्चे गुणा नहीं कर पाए।
जिलाधिकारी ने मंगलवार दोपहर बाद बढ़पुर विकास खंड के लोहिया समग्र गांव में चयनित मीरपुर एवं याकूतगंज का निरीक्षण किया। मीरपुर के जूनियर हाईस्कूल में डीएम को 30 बच्चे पढ़ते मिले। बच्चे डीएम को गुणा करके नहीं दिखा पाए। इस पर शिक्षिका पर नाराजगी जताई। बीएसए को शिक्षिका पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विधवा वृद्धावस्था और विकलांग पेंशन के लाभार्थियों की चयनित सूची मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीणों के सामने पढ़कर सुनाई। सूची सुनाते समय गांव के लोगों ने डीएम को बताया कि अरविन्द और जबर सिंह की मौत हो चुकी हैं। उनके नाम भी सूची में दाखिल कर लिए गए। इस पर डीएम ने ग्राम पंचायत अधिकारी को चेतावनी देकर कहा कि सूची का सही सत्यापन किया जाए। भविष्य में इस तरह की लापरवाही न हो। बच्चों के टीकाकरण, खाद्यान्न वितरण की जानकारी की। गांववालों से विद्युत कनेक्शन कराने को कहा। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी से जलाने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद याकूतगंज गांव का निरीक्षण किया। यहां ग्रामीणों ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र नहीं खुलता। सरकारी अस्पताल पर दबंगों ने कब्जा कर रखा हैं। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर को जांच करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अस्पताल पर कब्जा करने वाले दबंगों पर कार्रवाई करने को कहा।
बीडीओ और अधिशासी अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि
फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डा. मुथुकुमार स्वामी बी ने निरीक्षण के दौरान गांव मीरपुर में निर्माण को चयनित गलियों की सूची में गड़बड़ी होने पर ग्रामीण अभियंत्रण सेवाएं (आरईएस) के अधिशासी अभियंता और विकास कार्य में लापरवाही बरतने में खंड विकास अधिकारी बढ़पुर को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए हैं।