शमसाबाद। हजियांपुर विद्युत उपकेंद्र के हरसिंहपुर फीडर की मशीन हाईटेंशन लाइन मेें फाल्ट आने से खराब हो गई। इस कारण लगभग 60 गांवों की बिजली सप्लाई दो दिन से ठप हो गई है।वहीं इसी उपकेंद्र के दूसरे फीडर में दोपहर में हाईटेंशन लाइन के तार आपस में टकराने से केबल मेें आग लग गई। इससे उपकेंद्र मैदान में लगी घास जलने लगी। यह देखकर एसएसओ व अन्य कर्मचारियों ने आनन-फानन में मिट्टी डलवाकर आग बुझाई।
हजियांपुर विद्युत उपकेेंद्र के हरसिंहपुर फीडर से लगभग 60 गांवों को बिजली सप्लाई होती है। मंगलवार की शाम को हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आने से हरसिंहपुर फीडर की मशीन खराब हो गई। इससे सभी गांवों की बिजली सप्लाई ठप हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर अवर अभियंता ने कर्मचारियों को लगाकर मशीन ठीक कराने का काम शुरू कराया। उधर, बुधवार की दोपहर लगभग एक बजे तेज धूप में उपकेंद्र पर दूसरे फीडर की हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आया।
इससे वहां लगे पोल से जुड़ी केबल धू-धू कर जल उठी। उपकेंद्र पर उगी घास ने आग पकड़ ली। यह देखकर उपकेेंद्र के कर्मचारियोें में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कर्मचारियों ने मिट्टी डालकर आग बुझाई। एसएसओ ब्रजेश ने बताया कि आग बुझा दी गई है। कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। हरसिंहपुर फीडर की खराब मशीन को ठीक कराने का काम चल रहा है। इसके ठीक होते ही सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।