अमृतपुर तहसील में पीड़ितों की शिकायतें सुनते जिलाधिकारी अनुराग पटेल ।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद/अमृतपुर। तहसील दिवस में मंगलवार को लेखपालों की मनमर्जी और हर काम के लिए रुपये मांगने की शिकायतें सर्वाधिक आईं। डीएम ने एक लेखपाल को काम में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया और दो के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसडीएम को निर्देश दिए। उधर, सदर तहसील में शिकायतों का निस्तारण न करने पर एसडीएम ने सीएमओ, अधिशासी अधिकारी व श्रम प्रवर्तन अधिकारी के वेतन रोकने के निर्देश दिए।
डीएम अनुराग पटेल की अध्यक्षता में अमृतपुर तहसील में तहसील दिवस का आयोजन हुआ। इसमें गांव कड़क्का निवासी फिरोज खां की शिकायत पर उन्होेंने लेखपाल राजीव पांडेय को ग्रामसभा से हटाने के निर्देश दिए। फिरोज ने डीएम से पट्टे की पैमाइश के दौरान लेखपाल के रिश्वत मांगने की शिकायत कर रिकार्डिंग सुनाई। डीएम ने रुपये वापस कराकर लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई करने के एसडीएम को निर्देश दिए।
खरगपुर निवासी कल्याण ने डीएम से लेखपाल महेंद्र पांडेय की खसरा के नाम पर 50 रुपये लेने की शिकायत की। डीएम ने लेखपाल से ग्रामीण को तुरंत पैसे लौटाने के निर्देश दिए। हरसिंगपुर के बालिस्टर, जंगदेव, सर्वेश कुमार आदि ने लेखपाल राजकुमार की पट्टे की पैमाइश न करने की शिकायत की। कार्य में लापरवाही बरतने पर डीएम ने लेखपाल राजकुमार को निलंबित करने के एसडीएम को निर्देश दिए।
एसपी राजेश कृष्ण, बीएसए संदीप चौधरी, सीएमओ डॉ. राकेश कुमार, जिला कृषि उपनिदेशक एके सिंह, डीएसओ हिमांशु द्विवेदी, डीपीआरओ ग्रीश चंद्र, तहसीलदार शेखआलमगीर आदि मौजूद रहे। वहीं सदर तहसील में एसडीएम सदर सुरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में 90 शिकायतों में से सात का निरस्तारण किया गया। विगत तहसील दिवसों में शिकायतों के प्रार्थना पत्रों का निस्तारण न होने पर सीएमओ, नगरपालिका की अधिशासी अधिकारी व श्रम प्रवर्तन अधिकारी के वेतन रोकने के निर्देश दिए। तहसील दिवस में सीओ सिटी लेखराज सिंह, तहसीलदार आरपी चौधरी आदि मौजूद रहे।