फतेहगढ़ में सेना भर्ती के आठवें दिन पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर के 383 युवकों ने दौड़ पास कर ली है। अब कुछ अन्य फिजिकल परीक्षाओं में पास होने के बाद लिखित परीक्षा में हिस्सा लेना होगा। इसमें पास होने के बाद उन्हें सेना की वर्दी मिलेगी।
फतेहगढ़ स्थित राजपूत रेजिमेंट सेंटर की ओर से चल रही सेना भर्ती में शामिल होने के लिए सोमवार को शाहजहांपुर जिले के युवक बरगदिया घाट पहुंचे। वहां कागजात चेक करने के बाद उन्हें टोकन देकर करियप्पा मैदान भेजा गया। वहां प्रमाण पत्रों को स्कैन किया गया। इसके बाद युवकों को ट्रेड वार ग्रुप में बांटा गया। एक साथ 250 युवकों ने ट्रैक पर दौड़ लगाई। एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में कई युवक गिरकर चुटहिल हो गए। दौड़ में पास हुए अभ्यर्थियों ने बैलेंसिंग, लंबी कूद व बीम लगाए। भर्ती अधिकारी समीर सरदाना ने बताया कि मंगलवार को संभल के युवा सेना भर्ती के लिए जोर लगाएंगे।
शाहजहांपुर के थाना कटरा के गांव मीरानपुर निवासी शिवांश गंगवार दौड़ते समय गिर गया। उसके ऊपर से कई लोग निकल गए। उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।