फर्रुखाबाद। देेश की रक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने का जज्बा लेकर 331 जवान पासिंग आउट परेड के बाद सेना का अंग बन गए। जवानों ने सिखलाइट इंफैंट्री रेजिमेंट सेंटर के ब्रिगेडियर हरवीर सिंह को सलामी दी। ब्रिगेडियर ने रेजिमेंट के गौरवशाली इतिहास को बताने के बाद जवानों को शपथ दिलाई। बेहतर प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित किया गया।
फतेहगढ़ स्थित सिखलाइट इंफैंट्री रेजिमेंट सेंटर के चटर्जी ग्राउंड में सोमवार को पासिंग आउट पेरड हुई। नौ माह के कड़े प्रशिक्षण को पूरा कर चुके 331 जवानों ने इसमें भाग लिया। निर्धारित समय पर ब्रिगेडियर हरवीर सिंह ने ग्राउंड में पहुंचकर परेड का जायजा लिया। जवानों ने बैंड बाजे की धुन पर मार्च पास्ट कर सलामी दी।
उन्होंने जवानों को रेजिमेंट का गौरवशाली इतिहास बताया और इसकी शान में प्राणों को न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन किया। उन्होंने सेना का अंग बने 331 जवानों को देश सेवा की शपथ दिलाई। प्रशिक्षण में शानदार प्रदर्शन करने वाले जवान साहिल राणा, दलप्रीति सिंह, गुरजीत सिंह को सम्मानित किया गया। ट्रेनिंग बटालियन के कमांडर कर्नल इंद्रजीत सिंह, सिखलाइट रेजिमेंट सेंटर के दंडपाल सुनील अत्री सहित अन्य सेना के अधिकारी व जेसीओ मौजूद रहे।