कमालगंज के मोहल्ला शास्त्री नगर में आग से जला पड़ा सामान।
- फोटो : FARRUKHABAD
कमरे में लगी आग से हजारों का नुकसान
कमालगंज। मोहल्ला शास्त्री नगर में सोमवार सुबह एक मकान के प्रथम तल पर बने कमरे में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कमरे से धुआं निकलता देख पड़ोसियों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। आग से कमरे में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी राधेश्याम गुप्ता पुत्र बुद्धसेन गुप्ता सोमवार सुबह कोटिया चौराहा स्थित मिठाई की दुकान पर गए थे। घर पर पत्नी रेखा देवी अकेली थीं। करीब 9 बजे पड़ोसी विपिन कुमार ने राधेश्याम के घर के प्रथम तल पर बने कमरे से धुआं निकलता देखा। विपिन ने इसकी जानकारी रेखा देवी को दी।
विपिन ने पड़ोसियों के साथ कमरे में पानी डाल आग पर काबू पाया लेकिन तब तक कमरे में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। घर में आग लगने की सूचना पर राधेश्याम भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जला सामान घर के बाहर फेंका। राधेश्याम ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे आग लगी थी। एक घंटे बाद जानकारी हो सकी। कमरे में रखें दो मोबाइल, कुर्सियां, प्रेस, पंखा, कपड़े, बिस्तर व एलईडी टीवी आदि जलकर राख हो गई।