फर्रुखाबाद। दुर्घटना में पुत्र की मौत के बाद खाते में आए क्लेम के रुपये पति के दोस्तों ने धोखाधड़ी करके निकाल लिए।आरोपियों ने चेकों पर हस्ताक्षर करवा लिए।इसकी जानकारी होने पर रुपये मांगे, तो गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मऊदरवाजा थाने के गांव नगला खैरबंद ढिलावल निवासी रूपवती ने कमालगंज थाने के गांव खेम रेंगाई निवासी मोहम्मद राशिद और भोजपुर कन्हई नगला के मुख्तार अहमद पर धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में रिपोर्ट लिखाई। कहा कि उनके पुत्र की दुर्घटना में मौत हो गई थी। कुछ दिन बाद पति महेश चंद्र भी चल बसे। पुत्र की मौत पर न्यायालय के आदेश पर क्लेम के रुपये उनके और दूसरे पुत्र सौरभ पाल के बैंक खाते में आए थे।19 मई को बैंक से रुपये निकालने जा रही थी कि रास्ते में पासबुक आदि कागज गिर गए। इसकी सूचना बैंक को दे दी थी।
इसी दौरान पति के दोस्त राशिद और मुख्तार ने पूर्व परिचय का फायदा उठाकर धोखाधड़ी करके कुछ कागज और चेकों पर हस्ताक्षर करवा लिए। पीड़िता के खाते से 2.50 लाख रुपये निकाल लिए। पता चलने पर शिकायत की, तो गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने बताया कि धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।