फर्रुखाबाद। मथुरा से कानपुर तक बन रही इलेक्ट्रिक लाइन का 90 फीसद काम पूरा हो चुका है। रेलवे लाइन पर 200 किमी ट्रायल लेने के बाद सोमवार रात कासगंज से फर्रुखाबाद तक इलेक्ट्रिक इंजन दौड़ाया गया। विद्युत लाइन में कोई अवरोध न आने से यह ट्रायल भी सफल माना जा रहा है। अब 40 किमी ही विद्युतीकरण का काम शेष रह गया है। इससे जुलाई में मथुरा से कानपुर तक इलेक्ट्रिक ट्रेन चलने की उम्मीद है।
मथुरा से कानपुर तक करीब 400किमी रेलवे लाइन पर विद्युतीकरण कराया जा रहा है। कार्यदायी संस्था रेलवे की इरकान कंपनी को मार्च का काम पूरा करने का अनुबंध था। काम पूरा न हो पाने पर उसे जून तक का मौका दिया गया। अब मथुरा से फर्रुखाबाद तक विद्युतीकरण पूरा हो चुका है।
इसमें कासगंज तक 200 किमी रेलवे लाइन का ट्रायल भी पहले ही कराया जा चुका। वहीं सोमवार को कासगंज से फर्रुखाबाद तक 107 किमी रेलवे लाइन पर इलेक्ट्रिक इंजन दौड़ाया गया। उसके साथ एक डीजल इंजन भी जोड़ा गया था। हालांकि इस बीच इलेक्ट्रिक लाइन में कोई व्यवधान आए बिना रात 10.52 बजे इंजन फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचा।
इसके बाद 11.36 बजे इंजन कासगंज के लिए रवाना कर दिया गया। यह ट्रायल सफल माना जा रहा है। उधर कानपुर से गुरसहायगंज तक विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। इससे अब फतेहगढ़ से गुरसहायगंज तक करीब 40 किमी दूरी में विद्युतीकरण अभी अधूरा है।
उसमें भी पोल लगाए जा चुके हैं। स्टेशन अधीक्षक योगेंद्र शाक्य ने बताया कि कासगंज से फर्रुखाबाद तक सोमवार रात चलाया गया इलेक्ट्रिक इंजन का ट्रायल सफल हो गया। फतेहगढ़ से गुरसहायगंज तक शेष विद्युत लाइन बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है। विद्युतीकरण पूर्ण होने के साथ जुलाई में इलेक्ट्रिक ट्रेन चालू होने की उम्मीद है।
जुलाई में इलेक्ट्रिक ट्रेन दौड़ने की उम्मीद
कासगंज-फर्रुखाबाद के बीच रेलवे ट्रैक हुआ विद्युतीकृत, 40 किमी बाकी
सोमवार रात ट्रैक पर दौड़ा इलेक्ट्रिक इंजन, ट्रायल सफल