फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को डीएम मोनिका रानी की अध्यक्षता में उद्योग बंधु की बैठक हुई। बैठक में नगर पालिका के जेई के गैर हाजिर होने पर डीएम ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। बताया गया कि वह ज्यादातर बैठक में आते ही नहीं हैं। इसके अलावा अतिक्रमण आदि के मुद्दे भी बैठक में छाए रहे।
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में 86 प्रकरण कई बैंकों में लंबित है। एलडीएम ने बताया कि 23 प्रकरणों का निस्तारण करा दिया गया है। जिलाधिकारी ने बैंकर्स के साथ बैठक कर अवशेष प्रकरणों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में रोहित गोयल ने बताया गया कि सरकारी (एमएसएमई) ऋणों में बैंक मनमाना ब्याज वसूल करती हैं, ब्याज निर्धारित किया जाए। डीएम ने बैंकर्स के साथ बैठक कर समस्या का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बताया कि 15 जनवरी, 21 जनवरी, 04 फरवरी,10 फरवरी, 19 फरवरी एवं 04 मार्च, 2018 को गंगा में शाही स्नान होगा।
इससे पहले टोका घाट नाले के प्रदूषित जल एवं गंगा नदी में जाने वाली छोटी-छोटी नालियों को गिरने से रोका जाए। बैठक में उद्यमियों ने शहर में पानी के लीकेज की समस्या रखी। जिलाधिकारी ने कहा कि जेम पोर्टल के अंतर्गत व्यापारी अपना पंजीकरण कराए। जिलाधिकारी ने एक जनपद एक उत्पाद योजना के अंतर्गत उद्यमियों से आवेदन कराने के निर्देश दिए। बैठक में उद्यमियों ने बाजार में अतिक्रमण हटाने की बात रखी। जिलाधिकारी ने कहा कि सामाजिक समस्याओं का निदान आपसी समन्वय से किया जाए। दुकानों के सामने स्वयं अतिक्रमण लगवाकर पैसा वसूली न करें। इस अवसर पर जीएम डीआईसी, एलडीएम, अधिशासी अभियंता जल निगम, उद्योगबंधु एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
-उद्योग बंधु की बैठक में नहीं पहुंचे अवर अभियंता
अमर उजाला ब्यूरो